जल संस्थान से कर्मचारियों की छंटनी पर बवाल, यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। जल संस्थान में वर्षों से कार्यरत अकुशल कर्मचारियों को बिना कारण और बिना पूर्व सूचना कार्य से हटाए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। संयुक्त सफाई कर्मचारी यूनियन, जल संस्थान ने कर्मचारियों की तत्काल बहाली की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर महाप्रबंधक के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन के अध्यक्ष सुनील सुमन ने आरोप लगाया कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह तक नियमित रूप से कार्य कर रहे कई अकुशल कर्मचारियों को अप्रैल से बिना किसी कारण बताए ड्यूटी पर नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यूनियन द्वारा दो बार पत्र भेजकर कर्मचारियों को पुनः कार्य पर लेने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बिना कारण सेवा से नहीं हटाने की स्पष्ट घोषणा की जा चुकी है, इसके बावजूद जल संस्थान प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को हटाया जाना सरकार की मंशा के विपरीत है। यूनियन का आरोप है कि इससे कर्मचारियों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। यूनियन अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों को तत्काल कार्य पर बहाल किया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संयुक्त सफाई कर्मचारी यूनियन जल संस्थान मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल संस्थान प्रशासन की होगी। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी से न केवल श्रमिकों में आक्रोश बढ़ रहा है, बल्कि इसका असर जनहित से जुड़ी सेवाओं और शासन की छवि पर भी पड़ सकता है।



Post a Comment