पुलिस भर्ती परीक्षा से लौट रही पत्नी के सामने उजड़ गया सुहाग, प्रेम विवाह से नाराज भाई ने जीजा को मारी गोली

पुलिस भर्ती परीक्षा से लौट रही पत्नी के सामने उजड़ गया सुहाग, प्रेम विवाह से नाराज भाई ने जीजा को मारी गोली

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश सहारनपुर। सहारनपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस भर्ती परीक्षा देकर अपने सुनहरे भविष्य के सपने संजोए परीक्षा केंद्र से बाहर निकली युवती की आंखों के सामने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम विवाह से नाराज परिजनों द्वारा की गई कथित ऑनर किलिंग का माना जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने सहारनपुर के गोचर इंटर कॉलेज लेकर आए थे। परीक्षा के दौरान वह केंद्र के बाहर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में पत्नी का इंतजार करता रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद आकांक्षा खुशी-खुशी बाहर निकली और दोनों घर लौटने के लिए रवाना हुए, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो हाईवे की ओर बढ़ी, तभी आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने बहन को अपने साथ चलने के लिए कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए शिव कुमार पर मंजीत ने कथित तौर पर बेहद करीब से गोली चला दी। गोली सीधे सिर में लगी और शिव कुमार लहूलुहान होकर गाड़ी में ही गिर पड़े।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। आरोप है कि परिवार की इसी नाराजगी ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया और भाई ने अपने ही जीजा की हत्या कर दी।

वहीं मृतक के भाई शिवम कुमार ने इसे सुनियोजित ऑनर किलिंग बताते हुए कहा कि प्रेम विवाह की वजह से लड़की के परिजन लगातार नाराज थे और इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपी की तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सहारनपुर के व्योम बिंदल ने बताया कि युवती पुलिस भर्ती परीक्षा देकर अपने पति के साथ घर लौट रही थी, तभी उसके भाई द्वारा कथित रूप से गोली मारने की घटना सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक पल में उजड़ गया परिवार

जिस दिन आकांक्षा पुलिस की नौकरी पाने का सपना लेकर परीक्षा देने पहुंची थी, उसी दिन उसकी आंखों के सामने उसके जीवनसाथी की हत्या हो गई। परीक्षा केंद्र से घर लौटने की खुशी कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js