कानपुर में 292 अपराधी पुलिस की निगरानी से बाहर, कमिश्नर ने शुरू किया 'ऑपरेशन शिनाख्त
लूट, डकैती और चोरी के आरोपियों की तलाश तेज, थानेदारों को सौंपी जिम्मेदारी
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में लूट, डकैती, स्नेचिंग और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल 292 अपराधी पुलिस की निगरानी प्रणाली से बाहर होकर लापता हैं। इन अपराधियों की तलाश और उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर रघुबीरलाल ने 'ऑपरेशन शिनाख्त' शुरू किया है। अभियान के तहत सभी लापता अपराधियों का पता लगाकर उनका अद्यतन डोजियर तैयार करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
कमिश्नरेट के सेंट्रल, पूर्वी, दक्षिण और पश्चिम जोन में कुल 4,436 अपराधी पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इनमें से 292 अपराधियों का वर्तमान ठिकाना अज्ञात है, जिससे पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि पुलिस यक्ष एप के माध्यम से अपराधियों की सतत निगरानी का दावा करती रही है।
थानेदारों को सौंपी गई जवाबदेही
पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के लापता अपराधियों की पहचान कर उनका सत्यापन करें, परिजनों से संपर्क करें और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाएं। साथ ही प्रत्येक अपराधी का अद्यतन डोजियर तैयार कर उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
दूसरे जिलों में भी भेजा जा रहा विवरण
पुलिस अब इन अपराधियों की तस्वीरें और विवरण आसपास के जनपदों की पुलिस को भी भेज रही है, ताकि यदि उन्होंने दूसरे जिलों में शरण ली हो तो उनकी पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों के अनुसार कई अपराधी पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लेते हैं और दूसरे शहरों में सामान्य जीवन व्यतीत करने लगते हैं।
दक्षिण जोन में सबसे अधिक अपराधी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दक्षिण जोन में सबसे अधिक 1,777 अपराधी दर्ज हैं, जिनमें 23 अपराधी फिलहाल लापता हैं। यहां 345 अपराधियों का डोजियर तैयार किया जा रहा है। हाल के दिनों में 10 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि 10 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है।
जेल से छूटे अपराधियों पर भी रहेगी कड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई अपराधी वर्षों तक फरार रहने के बाद अचानक सक्रिय होकर बड़ी वारदातों को अंजाम देते हैं। इसी को देखते हुए जेल से रिहा होने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर का बयान
पुलिस कमिश्नर रघुबीरलाल ने कहा, "कमिश्नरेट क्षेत्र के 292 लापता अपराधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और अन्य जनपदों में भी उनकी तलाश कराई जा रही है। साथ ही जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


Post a Comment