शादी से इनकार पर महिला मित्र पर जानलेवा हमला, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी के बेटे गिरफ्तार

शादी से इनकार पर महिला मित्र पर जानलेवा हमला, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी का बेटे गिरफ्तार

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम शादी से इनकार के बाद एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर बीच सड़क कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले कार का शीशा ईंट से तोड़ा, फिर महिला को जबरन बाहर खींचकर उसके सिर और शरीर पर कई वार किए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय दोनों कार से बिठूर घाट की ओर जा रहे थे। रास्ते में शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने अपनी सुरक्षा के लिए कार के दरवाजे लॉक कर लिए थे। आरोप है कि आरोपी ने ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया और महिला को जबरन बाहर खींचकर उसके सिर एवं शरीर पर कई बार हमला किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

सूचना मिलने पर बिठूर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए मंधाना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े बीच सड़क हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js