परमट में जलभराव पर सख्त हुए विधायक अमिताभ बाजपेयी, अधिकारियों संग किया निरीक्षण; स्थायी समाधान के दिए निर्देश
नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, लापरवाही पर जताई नाराजगी
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के परमट इलाके में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक अमिताभ बाजपेयी ने रविवार को नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन, स्वच्छता और दैनिक जीवन से जुड़ी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय समन्वय के साथ तत्काल राहत कार्य शुरू करने तथा जलनिकासी व्यवस्था को इस प्रकार विकसित करने के निर्देश दिए कि भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को इस समस्या का सामना न करना पड़े। अमिताभ बाजपेयी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करते हुए क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी जलनिकासी की गंभीर समस्या से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कीर्ति अग्निहोत्री, सुरभित जायसवाल, सचिन यादव, राजेश कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment