परमट जलभराव ने खोली सिस्टम की पोल, नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन; लापरवाहों पर गिरी गाज, 24 घंटे निगरानी के आदेश

परमट जलभराव ने खोली सिस्टम की पोल, नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन; लापरवाहों पर गिरी गाज, 24 घंटे निगरानी के आदेश

जलभराव की वजह आई सामने, गेट वाल्व और नाला टैपिंग में खामियों पर सख्त रुख; दो दिन में मंदिर-घाट क्षेत्र साफ करने का अल्टीमेटम


(Today crime news)

कानपुर। परमट क्षेत्र में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार को परमट सम्पवेल, परमट मंदिर और शेल्टर होम क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान नाले पर जमा फ्लोटिंग कचरा, घाट परिसर में फैली गंदगी और जल निकासी में बरती गई लापरवाही पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और मौके पर ही कई सख्त निर्देश जारी किए।

जलकल विभाग ने निरीक्षण के दौरान बताया कि परमट में तीन स्थानों पर नाला टैपिंग के कारण स्क्रीन पर फ्लोटिंग मैटेरियल जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। वहीं उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा 1000 मिमी गेट वाल्व लगाने के दौरान नाले के भीतर बनाई गई 350 मिमी की अस्थायी दीवार से पाइपलाइन की जल वहन क्षमता घट गई, जिससे बैकफ्लो हुआ और जलभराव की स्थिति पैदा हुई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि ऐसी तकनीकी लापरवाही दोबारा सामने आई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय होगी।

नगर आयुक्त ने जोन-4 के अभियंताओं को नाला टैपिंग स्थल पर 24 घंटे निगरानी और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्क्रीन पर जमा होने वाले कचरे की लगातार सफाई और बाहर निकाले गए फ्लोटिंग मैटेरियल का तत्काल निस्तारण करने को कहा। जलकल विभाग को भी गेट वाल्व पर चौबीसों घंटे कर्मचारियों की तैनाती के आदेश दिए गए और चेतावनी दी गई कि लापरवाही से दोबारा जलभराव होने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

निरीक्षण में परमट घाट और मंदिर परिसर के आसपास भारी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट और गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दो दिन के भीतर पूरे क्षेत्र से मलबा हटाने और एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया।

मंदिर की सीढ़ियों, घाट और मुख्य मार्ग पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए सफाई नायक रमेश सहित आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों विशाल, विनोद, ममता, वीर हजारिया और सोना का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा गलीपिट की तत्काल सफाई और मरम्मत कराने, परमट मंदिर के वैकल्पिक मार्ग पर इंटरलॉकिंग तथा रिटेनिंग वॉल निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव से नागरिकों को राहत दिलाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की ढिलाई पर जवाबदेही तय की जाएगी।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js