यात्रा के दौरान बिछड़े 14 वर्षीय बालक को जीआरपी ने आधे घंटे में पिता से मिलाया, परिवार ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए यात्रा के दौरान अपने पिता से बिछड़े 14 वर्षीय बालक को महज आधे घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देशन तथा प्रयागराज रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चेकिंग और गश्त के दौरान यात्री जगदीश प्रसाद वर्मा, निवासी अंबेडकर नगर (जयपुर), ने जीआरपी थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनका लगभग 14 वर्षीय पुत्र राज वर्मा (काल्पनिक नाम) स्टेशन पर कहीं बिछड़ गया है और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम तत्काल सक्रिय हो गई। आरपीएफ कंट्रोल रूम, प्लेटफॉर्म ड्यूटी स्टाफ और क्यूआरटी टीम को अलर्ट किया गया। बालक के हुलिए और उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्टेशन परिसर में सघन खोज अभियान चलाया गया तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
लगातार प्रयासों के बाद करीब आधे घंटे में बालक को प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल जीआरपी थाने लाया गया और आवश्यक सत्यापन के उपरांत उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने पुत्र को सकुशल पाकर पिता की आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने जीआरपी कानपुर सेंट्रल की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा या परिजन बिछड़ जाए तो घबराने के बजाय तुरंत निकटतम जीआरपी या आरपीएफ चौकी अथवा रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


Post a Comment