लॉक अप 2' में गोविंदा की धमाकेदार एंट्री, पत्नी सुनीता आहूजा से जुड़े विवादित बयान पर किया मजाकिया कमेंट
जजमेंट डे के प्रोमो में दिखा गोविंदा का खास अंदाज, सुनीता आहूजा के इमोशनल ब्रेकडाउन के बीच शो में बढ़ा रोमांच
(Today crime news)
मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में लगातार नए ट्विस्ट और इमोशनल मोमेंट्स दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। कंटेस्टेंट्स जहां अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे कर रहे हैं, वहीं शो में ड्रामा और मनोरंजन का स्तर भी लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच मेकर्स द्वारा जारी किए गए 'जजमेंट डे' के नए प्रोमो ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा अपनी पत्नी और शो की कंटेस्टेंट सुनीता आहूजा के लिए विशेष विजिटर के रूप में नजर आए हैं।
प्रोमो में शो के होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख गर्मजोशी के साथ गोविंदा का स्वागत करते दिखाई देते हैं। बातचीत के दौरान फराह खान, सुनीता आहूजा के हालिया विवादित बयान का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछती हैं कि उन्होंने ऐसी "सुपारी" क्यों दी थी कि "इसको मारो कोई।
इस पर गोविंदा अपने चिर-परिचित हास्य अंदाज में जवाब देते हैं, "मैं गोली जेब में लेकर आया हूं।" जब फराह खान पूछती हैं कि "गोली लाए हो?", तो गोविंदा मुस्कुराते हुए कहते हैं, "सीने पर मारना चाह रही थी तो मार ले पूरा।" गोविंदा के इस जवाब पर मंच पर मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगते हैं, जबकि सुनीता आहूजा भी अपनी हंसी नहीं रोक पातीं।
हालांकि, प्रोमो में केवल गोविंदा की स्टेज एंट्री दिखाई गई है। यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वह शो के अंदर जाकर सुनीता से मुलाकात करेंगे या नहीं। इसके बावजूद उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशंसक उनके मजाकिया अंदाज की जमकर सराहना कर रहे हैं।
दूसरी ओर, शो में पिछले कुछ दिनों से सुनीता आहूजा लगातार भावुक नजर आ रही हैं। वह कई बार कैमरे के सामने घर लौटने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गोविंदा ने उन्हें इस शो में आने से मना किया था और उनकी बात न मानने का उन्हें अब पछतावा हो रहा है।
सुनीता के लगातार इमोशनल रहने के कारण अन्य कंटेस्टेंट्स ने उन्हें इस सप्ताह एलिमिनेशन के लिए नॉमिनेट भी कर दिया है। अब दर्शकों की निगाहें आगामी एपिसोड पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि सुनीता आहूजा शो में अपनी जगह बचा पाती हैं या उन्हें 'लॉक अप 2' से बाहर होना पड़ेगा।


Post a Comment