अचार फैक्ट्री का काला सच उजागर, 3 हजार किलो सड़ा कच्चा माल बरामद, फैक्ट्री सील, 4 लाख का तैयार माल जब्त

अचार फैक्ट्री का काला सच उजागर, 3 हजार किलो सड़ा कच्चा माल बरामद, फैक्ट्री सील, 4 लाख का तैयार माल जब्त

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, गंदगी के बीच तैयार हो रहा था अचार; पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। जिस अचार को लोग स्वाद और गुणवत्ता के भरोसे खरीद रहे थे, उसकी उत्पादन इकाई में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मंगलवार को झकरकटी स्थित एक अचार निर्माण इकाई पर छापेमारी कर फैक्ट्री में फैली भारी गंदगी, सड़े-गले कच्चे माल और अस्वच्छ परिस्थितियों में हो रहे उत्पादन का खुलासा किया। अनियमितताएं मिलने पर पूरी फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में लंबे समय से अस्वच्छ वातावरण में अचार तैयार किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई में निरीक्षण के दौरान परिसर में चारों ओर गंदगी फैली मिली। आम, नींबू, गाजर, गोभी समेत बड़ी मात्रा में फल और सब्जियां सड़ चुकी थीं, लेकिन इन्हीं के बीच अचार तैयार किया जा रहा था। फैक्ट्री से उठ रही दुर्गंध और बदहाल व्यवस्था देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।

छापेमारी के दौरान करीब 3,000 किलोग्राम सड़ा हुआ कच्चा माल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई। अधिकारियों ने पूरे खराब स्टॉक को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा फैक्ट्री में तैयार करीब 4 लाख रुपये मूल्य का अचार भी जब्त कर सील कर दिया गया, ताकि उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के अचार के पांच नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या स्वच्छता को लेकर संदेह हो तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js