रेलवे ने व्यापारियों से बढ़ाया संवाद, माल ढुलाई बढ़ाने पर बनी रणनीति
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। भारतीय रेलवे ने माल परिवहन को अधिक गति देने और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन में फ्रेट कस्टमर मीटिंग आयोजित की। बैठक में रेलवे अधिकारियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और साइडिंग प्रतिनिधियों के साथ माल यातायात बढ़ाने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा ग्राहकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर व्यापक मंथन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय और किफायती माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से रेलवे की प्रोत्साहन योजनाओं और आधुनिक सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने फ्रेट ग्राहकों को विभिन्न इंसेंटिव स्कीम, नई व्यावसायिक नीतियों, डिजिटल सेवाओं, माल ढुलाई प्रक्रिया के सरलीकरण, लोडिंग-अनलोडिंग सुविधाओं और व्यवसाय विकास से जुड़ी नई पहलों की जानकारी दी। साथ ही व्यापारियों और साइडिंग प्रतिनिधियों से सुझाव एवं समस्याएं प्राप्त कर उन पर विस्तार से चर्चा की गई। कई सुझावों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा सीमेंट उद्योग, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, गुड्स डिपो और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने ऐसे ग्राहक संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति जताई और रेलवे के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से माल यातायात बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ग्राहकों के साथ निरंतर संवाद और सुविधाओं के विस्तार से न केवल माल ढुलाई में वृद्धि होगी, बल्कि उद्योगों और व्यापार जगत को भी तेज, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।



Post a Comment