पिता की डांट से घर छोड़ने वाली दो किशोरियों को जीआरपी ने परिवार से मिलाया।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मिलीं दोनों बालिकाएं, सूझबूझ से परिजनों तक पहुंचाया
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। घर में पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचीं दो किशोरियों को जीआरपी कानपुर ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी की इस मानवीय पहल से एक परिवार बिछड़ने से बच गया। रेलवे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत मंगलवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को प्लेटफॉर्म पर दो किशोरियां संदिग्ध अवस्था में अकेली बैठी मिलीं।
पूछताछ में दोनों बालिकाओं ने बताया कि वे आज़मगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और पिता की डांट से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल आई थीं। जीआरपी ने तत्काल दोनों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलते ही परिजन कानपुर सेंट्रल पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को उनके भाई एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटियों को सकुशल पाकर परिजनों ने जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर भटके, गुमशुदा एवं लावारिस बच्चों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उन्हें उनके परिवार तक पहुंचाना है। इसी अभियान के तहत लगातार निगरानी और विशेष चेकिंग की जा रही है, जिससे कई बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है।


Post a Comment