कानपुर सेंट्रल पर अनधिकृत वेंडरों पर रेलवे का शिकंजा, 26 पर कार्रवाई, 43 हजार से अधिक जुर्माना

कानपुर सेंट्रल पर अनधिकृत वेंडरों पर रेलवे का शिकंजा, 26 पर कार्रवाई, 43 हजार से अधिक जुर्माना

विशेष अभियान में स्टेशन परिसर में मचा हड़कंप, यात्रियों से अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी की अपील


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विशेष सघन जांच अभियान के दौरान 26 अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई तथा 43,090 का जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार के नेतृत्व में 29 जून को चलाए गए इस अभियान में वाणिज्य विभाग और टिकट जांच टीमों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जांच की। अभियान के दौरान बिना अधिकृत अनुमति के खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुओं की बिक्री कर रहे 26 वेंडरों को पकड़कर रेलवे अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में अनधिकृत वेंडरों में हड़कंप मच गया।

 विशेष अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एस.के. मीणा, के.डी. मीणा, विनय अब्बी तथा मुख्य टिकट निरीक्षक रामेंद्र कुमार ने किया। वाणिज्य विभाग एवं टिकट जांच कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रेल प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य स्टेशन परिसर में अनधिकृत वेंडिंग और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों को केवल अधिकृत एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल ने बताया कि अनधिकृत वेंडरों और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित रूप से सघन अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान केवल रेलवे के अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा किसी भी अनधिकृत गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या संबंधित अधिकारियों को दें।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js