रेलवे कर्मचारी ही निकला चोर, ट्रैक्शन मोटर का बियरिंग चोरी करते आरपीएफ ने दबोचा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के "ऑपरेशन रेल सेवा" के तहत जीएमसी पोस्ट की टीम ने रेलवे संपत्ति की चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए विद्युत लोको शेड में कार्यरत एक कर्मचारी और उसके सहयोगी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चोरी की गई रेलवे संपत्ति को मोटरसाइकिल से बाहर ले जाने की फिराक में थे, तभी आरपीएफ ने उन्हें दबोच लिया। आरपीएफ के अनुसार, 29 जून 2026 को जीएमसी पोस्ट की टीम विद्युत लोको शेड परिसर में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टीवीएस मोटरसाइकिल (संख्या UP16EF8306) को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में रेलवे की ट्रैक्शन मोटर में प्रयुक्त एक बियरिंग बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे संपत्ति चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जीएमसी पर मुकदमा अपराध संख्या 06/2026 के तहत रेलवे संपत्ति (गैरकानूनी कब्जा) अधिनियम की धारा 3 में मामला दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तार मुख्य आरोपी सुभाष चंद्र (37) विद्युत लोको शेड, कानपुर में फिटर ग्रेड-1 के पद पर कार्यरत है।
वह मूल रूप से हाथरस जनपद का निवासी है और वर्तमान में रेलवे कॉलोनी, फजलगंज में रह रहा था। उसका सहयोगी नौशाद, निवासी अमेठी, भी चोरी की वारदात में शामिल पाया गया। पूरी कार्रवाई सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार चौधरी के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रमोद कुमार तिवारी, वीरेंद्र सिंह और रिंकू सिंह की टीम ने अंजाम दी। बरामद रेलवे संपत्ति और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को 30 जून 2026 को माननीय एसीजेएम (रेलवे), प्रयागराज की अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि "ऑपरेशन रेल सेवा" के तहत रेलवे संपत्ति की चोरी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


Post a Comment