एचडीएफसी बैंक पनकी शाखा में महिला कर्मचारी का अभद्र व्यवहार कैमरे में कैद, वीडियो वायरल
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक की एक शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात महिला कर्मचारी और एक ग्राहक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी ग्राहक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए आक्रामक रवैया अपनाती नजर आ रही हैं, जिससे बैंक की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में महिला कर्मचारी आस्था सिंह एक ग्राहक से तीखी बहस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह गुस्से में ग्राहक की ओर लैपटॉप तानते हुए डराने की कोशिश करती नजर आती हैं। मौके पर मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव का प्रयास करते हैं, लेकिन कर्मचारी का आक्रोश कम नहीं होता। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब महिला कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर सरेआम अपनी जाति का उल्लेख करते हुए दबाव बनाने और ग्राहक को धमकाने की बात सामने आई। बैंक जैसे प्रतिष्ठित और पेशेवर संस्थान में इस तरह का आचरण सामने आने से ग्राहकों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना पनकी सेक्टर-2 स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा की है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं और बैंक प्रबंधन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय नागरिकों और ग्राहकों का कहना है कि बैंक में वे भरोसे और सम्मान की अपेक्षा लेकर आते हैं, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं बैंक की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Post a Comment