केडीए का बुलडोजर चला, 27 बीघा अवैध प्लाटिंग जमींदोज
दो जोन में एक साथ बड़ी कार्रवाई, कई कॉलोनाइजरों को नोटिस
नक्शा स्वीकृत न कराने पर एफआईआर और सीलिंग की चेतावनी
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जोन में बुलडोजर चलाकर करीब 27 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। प्रवर्तन जोन-4 के अंतर्गत कल्याणपुर नरवल (अलकनंदा रोड) स्थित आराजी संख्या 205 व अन्य पर लगभग 7 बीघा में बिना मानचित्र स्वीकृति के की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई प्रभारी अधिकारी अतुल कुमार राय और अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी की मौजूदगी में की गई। वहीं प्रवर्तन जोन-2ए के अंतर्गत सहजादपुर बारा जोड़, अकबरपुर क्षेत्र में आराजी संख्या 332, 334 व अन्य पर करीब 20 बीघा में विकसित अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई प्रवर्तन प्रभारी संदीप मोदनवाल के नेतृत्व में अवर अभियंता अनीस कुमार और पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई। कार्रवाई के साथ ही केडीए ने अन्य अवैध कॉलोनियों पर भी शिकंजा कसते हुए मां पीतांबरा सोसाइटी, राधे डेवलपर और श्याम सिटी कॉलोनी को नोटिस जारी कर मानचित्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण ने साफ किया है कि आदेशों की अनदेखी पर बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण, सीलिंग और भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। केडीए ने आमजन से अपील की है कि वे केवल प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें, जिससे भविष्य में किसी तरह की कानूनी समस्या से बचा जा सके।



Post a Comment