लूट-चोरी गैंग का भंडाफोड़, 5 शातिर गिरफ्तार, 5 लाख की बरामदगी
उत्तर प्रदेश कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की जीआरपी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय लूट व चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये की नगदी, महंगे मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दुष्यन्त कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी कानपुर सेंट्रल द्वारा तीन टीमों का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र में रूट मैपिंग की गई और 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जूही यार्ड स्थित जीएमसी यार्ड के पास दबिश देकर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रेलवे स्टेशन और आउटर पर खड़ी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे तथा प्राप्त धन को नशे और शौक में खर्च करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में साहिल सोनकर, विशाल बाल्मीकि, अभिषेक पासवान, जीतू सिंह और सुमित वर्मा शामिल हैं। इनके कब्जे से आईफोन-15 प्रो, सैमसंग S-24, रेडमी मोबाइल, नगदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, सभी अभियुक्तों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


Post a Comment