UP Board Exam 2026: 18 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं, एडमिट कार्ड जल्द होंगे जारी
Today crime news
उत्तर प्रदेश लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल (कक्षा 10) एवं इंटरमीडिएट (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षाओं का काउंटडाउन शुरू हो गया है। प्रदेश भर के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है कि बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र (Admit Card) शीघ्र ही जारी किए जाएंगे। बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
UPMSP द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होंगी। प्रथम पाली सुबह 08:30 बजे से 11:45 बजे तक, जबकि द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे तक होगी। पहली परीक्षा 18 फरवरी को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों के लिए हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी विषय की होगी।
यूपी बोर्ड ने प्रवेश पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को स्पष्ट कर दिया है। नियमित परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य बोर्ड पोर्टल से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर, उन पर हस्ताक्षर व विद्यालय की मुहर लगाकर छात्रों को वितरित करेंगे। वहीं, प्राइवेट (व्यक्तिगत) परीक्षार्थी यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट
upmsp.edu.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन नंबर अथवा रोल नंबर के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
प्रवेश पत्र प्राप्त होते ही परीक्षार्थियों को नाम, फोटो, माता-पिता का नाम, रोल नंबर, विषयवार परीक्षा तिथि एवं समय तथा परीक्षा केंद्र के पते की सावधानीपूर्वक जांच करने की सलाह दी गई है। किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत विद्यालय या संबंधित बोर्ड कार्यालय से संपर्क करें।
बोर्ड के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 12 मार्च 2026 को कृषि विषय के साथ समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की अंतिम परीक्षा इसी दिन कंप्यूटर विषय की होगी। बोर्ड ने परीक्षाओं को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।


Post a Comment