जूही बंबुरहिया में कुत्तों ने महिला को दौड़ाकर गिराया
-सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना, दवा लेने निकली महिला पर एक साथ बोला हमला
-पार्षद का आरोप जानकारी देने के बाद नहीं पकड़े गए, कहा-पांच कुत्ते पिछले एक माह से लगातार कर रहे अटैक
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। जूही में बेसहारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। रविवार देर रात घर से दवा लेने निकली महिला पर कुत्तों ने हमला बोल दिया, और जमीन पर गिरा दिया। एक साथ कुत्तों के हमले से महिला दहशत में चिल्लाने लगी। इसके बाद कुत्तों ने उसके कपड़ों को मुंह में दबाकर खींचने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आस-पास के लोग दौड़े और कुत्तों को खदेड़कर उसकी जान बचाई। पूरी घटना क्षेत्रीय पार्षद शालू सुनील कनौजिया के घर पर लगे सीसी कैमरे में कैद हुई।
पार्षद ने आरोप लगाया कि पांच कुत्ते पिछले 10 दिनों से लगातार अटैक कर रहे हैं। नगर निगम को जानकारी दी फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। वार्ड -14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने बताया कि बीते 10 दिन से बेसहारा कुत्तों ने इलाके में आतंक मचा रखा है। आए दिन कुत्ते किसी न किसी को अपना शिकार बना रहे हैं। रविवार देर रात इलाके में रहने वाली सुनीता गुप्ता घर से दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर जा रही थी, तभी कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह जमीन पर गिरकर घायल हो गई। वहीं, रविवार को ही ननिहाल में रह रहे छह साल का मासूम घर के बाहर खेल रहा था, तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर काट लिया था। उनका आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत कैटल कैचिंग विभाग के साथ ही नगर निगम के उच्च अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। हालात यह है कि पूरे इलाके में बेसहारा कुत्तों की दहशत रहती है।
वर्जन: पार्षद की जानकारी पर कैटिल कैचिंग टीम को भेजा गया है। कुत्तों को पकड़कर एबीसी सेंटर में नियमानुसार रखा जायेगा। ठंड में लगातार टीम कुत्तों को पकड़ रही है। - डॉ. आरके निरंजन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी


Post a Comment