केडीए का चला हंटर, 6 बीघा में विकसित अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध व अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ज्याल के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी द्वारा ग्राम हिन्दूपुर में लगभग 06 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई डा. रवि प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी/उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, प्रवर्तन अनुभाग के कर्मचारी तथा थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। केडीए अधिकारियों के अनुसार बिना प्राधिकरण से ले-आउट अथवा तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ ही संबंधित स्थलों पर वैधानिक नोटिस भी चस्पा किए गए।
इन स्थानों पर हुई कार्रवाई
आराजी संख्या 370 व अन्य — लगभग 2.5 बीघा
आराजी संख्या 442 व अन्य — लगभग 1.5 बीघा
आराजी संख्या 445 व अन्य — लगभग 2.0 बीघा
कुल क्षेत्रफल: लगभग 06 बीघा
डा. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि कल्याणपुर और बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 7 बीघा क्षेत्रफल में अन्य अवैध प्लाटिंग भी चिन्हित की जा चुकी है, जिनके विरुद्ध शीघ्र ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि भूमि खरीदने से पहले केडीए से ले-आउट की स्वीकृति की जांच अवश्य करें और मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कार्य कराएं। केडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ निरंतर अभियान आगे भी जारी रहेगा।



Post a Comment