नगर निगम में जीन्स-टी शर्ट और चप्पल पहनकर आने पर रोक
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने पूजा-अर्चना के बाद संभाला कार्यभार, दीपावली को लेकर दिए दिशा-निर्देश
उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को पदभार ग्रहण करने के साथ ही कार्यसंस्कृति में अनुशासन लाने की दिशा में सख्त कदम उठाए। उन्होंने निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी व्यक्ति जीन्स, टी-शर्ट या चप्पल पहनकर कार्यालय न आए। उन्होंने कहा कि नगर निगम जैसी सार्वजनिक संस्था में कार्यरत कर्मचारियों को ड्रेस और व्यवहार दोनों में मर्यादा और गरिमा बनाए रखनी चाहिए। नगर आयुक्त ने पदभार ग्रहण करने से पूर्व नगर निगम परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद निगम मुख्यालय स्थित सभागार में सभी विभागाध्यक्षों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने दीपावली से पूर्व सफाई व्यवस्था, मार्ग प्रकाश व्यवस्था और सड़कों के पैचवर्क को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में शहर के प्रमुख बाजारों, मार्गों और आवासीय इलाकों में सफाई, नालों की सफाई और लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि मीटिंग शुरू होने के बाद कोई भी अधिकारी अंदर नहीं आएगा। समय की पाबंदी और अनुशासन को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और तत्परता दिखाएं। उन्होंने निगम परिसर में पान खाकर बात करने या कार्य करने पर भी रोक लगाई। साथ ही निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों का प्रेजेंटेशन तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की समीक्षा और निगरानी पारदर्शी ढंग से की जा सके। नगर आयुक्त उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम जनता के प्रत्यक्ष संपर्क में रहने वाला विभाग है, इसलिए उसकी छवि शहर के सामने अनुशासन, स्वच्छता और दक्षता की होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। नगर निगम में नगर आयुक्त की पहली बैठक के बाद कर्मचारियों में नई कार्यसंस्कृति को लेकर चर्चा रही। माना जा रहा है कि अर्पित उपाध्याय का यह सख्त रुख निगम प्रशासन में अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।


Post a Comment