फाइल में दबा कार्य, सड़क पर फैली गंदगी
त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था चरमराई, सड़कों पर बिखरा कूड़ा, जिम्मेदार बने मौन
कानपुर। नगर निगम आयुक्त के तबादले के बाद से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। गलियों और मुख्य सड़कों पर कूड़े के अंबार लग गए हैं। वार्ड 76 की स्थिति सबसे बदतर है—जहाँ कूड़ाघर न बनने के कारण सारा कचरा अब सीधे सड़कों पर फेंका जा रहा है। बदबू और गंदगी से लोगों का निकलना दूभर हो गया है। नगर निगम के नए आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 8 अक्तूबर को कार्यभार संभाला था, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा। चार्ज लेने के बाद भी न तो सफाई अभियान की शुरुआत हुई है और न ही क्षेत्रीय निरीक्षण। नागरिकों का कहना है कि आगामी दिवाली पर्व को देखते हुए नगर निगम को सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए था, मगर फिलहाल यह अभियान केवल फाइलों में ही सीमित नजर आ रहा है। थाना हरबंस मोहाल क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग से पहले कूड़ाघर बनने का प्रस्ताव लंबे समय से अटका हुआ है। यहां पहले भी कूड़ाघर था, जिसे हटाए जाने के बाद अब तक दोबारा नहीं बनाया गया। परिणामस्वरूप स्थानीय निवासी सड़क किनारे कचरा डालने को मजबूर हैं। वही स्टेशन के रास्ते पर भी एक कूड़ाघर है, जोकि नाम के लिए वार्ड 76 के पार्षद रजत बाजपेई ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत पूरे शहर में आधुनिक कूड़ाघरों के निर्माण की योजना बनी थी, मगर विभाग की लापरवाही के कारण यह काम ठप है। उन्होंने कहा करीब आठ महीने पहले फाइल भेजी गई थी, लेकिन अब तक विभाग के दफ्तरों में पड़ी धूल खा रही है। हर बार कहा जाता है कि जगह पर विवाद है, जबकि मैंने खुद जांच की है। ऐसा कोई विवाद नहीं है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़ाघर न होने की वजह से हर दिन सड़क पर कचरा फैलता है। मच्छर और दुर्गंध से हालात असहनीय हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक भी अब इन सड़कों से गुजरने से बचते हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में सफाई वाहन और कर्मियों की कमी के चलते दिक्कत है, लेकिन जल्द ही स्थिति में सुधार होगा। हालांकि, नागरिकों का आरोप है कि हर बार यही आश्वासन दिया जाता है, पर धरातल पर कोई बदलाव नहीं आता। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो दिवाली जैसे पावन पर्व पर स्वच्छता के बजाय गंदगी ही शहर की पहचान बन जाएगी।
फाइल 8 महीने से लंबित स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत होना था कूड़ाघर निर्माण विभाग का कहना जमीन विवाद में, जबकि कोई स्टे नहीं
वार्ड 76 पार्षद रजत बाजपेई



Post a Comment