भ्रष्टाचार की बारिश में डूबा नगर निगम का टैक्स दफ्तर
भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच जर्जर हुआ नगर निगम का सेंटर टैक्स दफ्तर, छत से टपकता रहा पानी
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम मुख्यालय के गेट पर स्थित सेंटर टैक्स दफ्तर गुरुवार को हुई लगातार बारिश में बदहाल व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया। छत से बारिश का पानी सीधे कार्यालय के भीतर टपकता रहा। हालात इतने खराब हो गए कि कर्मचारियों को अपना काम छोड़कर फाइलों, रसीद बुक और कंप्यूटर सिस्टम को पानी से बचाने की जद्दोजहद करनी पड़ी। कार्यालय में जगह-जगह प्लास्टिक की पन्नियां डालकर दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बचाने का प्रयास किया गया। बारिश का पानी कार्यालय के अंदर भरने और छत से लगातार टपकने के कारण टैक्स संबंधी कामकाज भी प्रभावित हुआ।
कर्मचारियों को दफ्तर के बाहर बैठकर काम निपटाने की कोशिश करनी पड़ी। जिस कार्यालय में शहरभर के वाहनों से संबंधित टैक्स जमा किया जाता है, वहां ऐसी स्थिति नगर निगम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय की जर्जर हालत और छत से पानी टपकने की समस्या के संबंध में कई बार अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश शुरू होते ही समस्या और गंभीर हो गई। अब कर्मचारियों को आशंका है कि लगातार पानी और जर्जर निर्माण के चलते कहीं कार्यालय का कोई हिस्सा भी हादसे का कारण न बन जाए। खास बात यह है कि शहर में लगातार बारिश के दौरान सड़क धंसने, मकानों के हिस्से गिरने और जलभराव जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद नगर निगम के अपने ही परिसर में स्थित कार्यालय की जर्जर हालत पर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर नहीं पड़ना व्यवस्था की संवेदनहीनता को उजागर करता है। नगर निगम इन दिनों टेंडर और निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पहले से सवालों के घेरे में है। ऐसे में मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर स्थित महत्वपूर्ण टैक्स कार्यालय की बदहाली कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है। कर्मचारियों में डर है कि कहीं उनकी जान जोखिम में न पड़ जाए।




Post a Comment