100 से ज्यादा कैमरों ने खोला चोर का राज, तीन लाख का मंगलसूत्र बरामद
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल के आसपास चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे शातिर चोर पर आखिर जीआरपी का शिकंजा कस गया। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और धरातलीय सूचना जुटाने के बाद जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने 25 वर्षीय अमजद उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमजद उर्फ सोनू पुत्र हल्के अब्दुल हमीद, निवासी सलाबाद सोरार, थाना कोतवाली जालौन, जिला जालौन है। वह रेलवे प्रयागराज साइड पार्सल यार्ड के पास कुड़ाघर क्षेत्र में मिला। चोरी की वारदात के बाद आरोपी तक पहुंचना जीआरपी के लिए आसान नहीं था, लेकिन कैमरों की कड़ियां जोड़ते-जोड़ते पुलिस उसके ठिकाने तक पहुंच गई।
कार्रवाई थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 301/2026, धारा 304(2), 317(2) बीएनएस के तहत की गई। अब पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके संभावित साथियों की कुंडली खंगाल रही है। पूछताछ में रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों के राज खुलने की भी उम्मीद है।


Post a Comment