नगर निगम की अनदेखी पर फूटा गुस्सा, 80 फीट रोड को बना दिया यमलोक द्वार
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। 80 फीट रोड को प्रतीकात्मक रूप से यमलोक द्वार बना दिया। प्रदर्शन में यमराज का रूप धारण किए व्यक्ति को बुलाया गया। सड़क पर बैनर लगाया गया, जिस पर लिखा था यमराज का द्वार ग्रैंड ओपनिंग । इसके बाद यमराज ने बाकायदा फीता काटकर यमलोक द्वार का उद्घाटन किया।
वार्ड-67 के बर्रा-6 निवासी अभिषेक सिंह यादव के नेतृत्व में लोगों ने कहा कि बारिश के दौरान इन गड्डों में पानी भर जाने से सड़क और गड्डों का फर्क तक दिखाई नहीं देता। ऐसे में आए दिन दोपहिया वाहन सवार और राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं। ई-रिक्शा पलटने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी सड़क की मरम्मत कराने को तैयार नहीं हैं। यमराज बने प्रदर्शनकारी ने नगर निगम की व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि 80 फीट रोड पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुझे अब यहां परमानेंट आना ही पड़ता है। एक बार मेरा यहां से जाना हो पाता है और लेकिन तुरंत वापसी हो जाती है।
क्योंकि इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं और गड्डों में बड़ी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। अभिषेक सिंह यादव ने कहा कि बर्रा की 80 फीट रोड अब गड्ढा मुक्त नहीं, बल्कि गड्ढा युक्त सड़क बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही और क्षेत्रीय जनता की समस्याओं की अनदेखी के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। अभिषेक ने कहा कि 5-5 मिनट में एक न एक दुर्घटना होती रहती है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अभिषेक ने कहा कि जनता किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि से अपने घर के लिए कोई सुविधा नहीं मांग रही है। लोग सिर्फ सुरक्षित सड़क और मूलभूत सुविधाएं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसी के घर का एक रुपया नहीं लगना है। आप जिम्मेदार पद पर बैठे हैं तो काम करा दीजिए। आदमी अपने घर के लिए राशन नहीं मांग रहा है, आदमी केवल चलने के लिए रोड और पीने के लिए पानी मांग रहा है, जो कि उसका हक है। युवाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही 80 फीट रोड के गड्डों को नहीं भरा गया और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वह नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क की बदहाली से किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।



Post a Comment