महापौर कार्यालय से गायब हुईं 2-3 अहम फाइलें, प्रमिला पांडेय बोलीं- जांच करा रही हूं
सदन में बंधक बनाने और फोन छीनने के आरोपों के बाद नया विवाद, महापौर ने बागी पार्षदों पर लगाया सुनियोजित हंगामे का आरोप, बेटे को रेस्ट रूम में बैठाने की भी बताई वजह
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम सदन की बैठक के दौरान महापौर कार्यालय में हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। भाजपा के बागी पार्षदों और मंडल मंत्री के आरोपों के बीच महापौर प्रमिला पांडेय ने मंगलवार को अपने कार्यालय से दो से तीन महत्वपूर्ण फाइलें गायब होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि फाइलों के गायब होने की जांच कराई जा रही है। यदि जरूरी फाइलें मिल जाती हैं तो ठीक है, अन्यथा आगे की कार्रवाई की जाएगी। महापौर का यह बयान शनिवार को नगर निगम सदन की बैठक के दौरान हुए विवाद के बाद आया है। भाजपा के बागी पार्षद आलोक पांडेय, पवन गुप्ता, लक्ष्मी कोरी और विकास जायसवाल ने आरोप लगाया था कि कौशलपुरी के मंडल मंत्री मनीष बाजपेई को पत्र रिसीव कराने के दौरान महापौर कार्यालय में बंधक बनाया गया। उन्होंने फोन छीनने समेत अन्य आरोप भी लगाए थे। मनीष बाजपेई ने इस मामले में संगठन से भी शिकायत की थी।
मकसद के तहत बवाल करने आए थे पार्षद
महापौर प्रमिला पांडेय ने आरोप लगाया कि कुछ पार्षद सुनियोजित तरीके से सदन में हंगामा करने आए थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पवन गुप्ता सिर पर कूड़ेदान लेकर सदन में पहुंचे थे, इसके बावजूद उन्हें कार्यकारिणी में शामिल कराया गया। महापौर ने दावा किया कि सदन में हुए घटनाक्रम को किसी बड़े नेता को लाइव दिखाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और एमएलसी सदन के आमंत्रित सदस्य हैं और सभी का सदन में स्वागत है।
बेटे को रेस्ट रूम में बैठाया था
महापौर ने बताया कि उन्हें पहले से आशंका थी कि सदन की बैठक के दौरान हंगामा हो सकता है। इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे अमित पांडेय को रेस्ट रूम में बैठाया था। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि भाजपा अध्यक्ष इस तरह बात करेंगे और संगठन के पदाधिकारी पार्षदों की पर्चियां लेकर पहुंचेंगे। महापौर ने सवाल उठाया कि जब वह सदन में मौजूद थीं तो पार्षद उनके कार्यालय में क्यों गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अनुपस्थिति में उन्हें और उनके बेटे को फंसाने के इरादे से तीनों कमरों में प्रवेश किया गया। वहीं, कार्यालय से फाइलें गायब होने के उनके दावे ने पूरे विवाद को और गंभीर बना दिया है।



Post a Comment