पांडु नदी के उफान से जरौली में जलभराव, महापौर ने बांटा राशन, स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश

पांडु नदी के उफान से जरौली में जलभराव, महापौर ने बांटा राशन, स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश

संतोषपुरम नई बस्ती में बाढ़ प्रभावितों से मिलीं प्रमिला पांडेय, आश्रय स्थल पर भोजन, पेयजल और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, तत्काल जल निकासी के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से जरौली क्षेत्र की संतोषपुरम नई बस्ती में हुए जलभराव के बाद मंगलवार सुबह महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। संतोष बाबा मंदिर के पीछे जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन वितरित किया और अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जलकल और इंजीनियरिंग विभाग की टीम के साथ क्षेत्रीय पार्षद भी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों से जलभराव की स्थिति और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद महापौर जरौली स्थित आई ब्लॉक कंपोजिट विद्यालय पहुंचीं, जहां बाढ़ प्रभावित परिवारों ने आश्रय ले रखा है। उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि नगर निगम हर कदम पर उनके साथ है। महापौर ने आश्रय स्थल पर साफ-सफाई, भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से फोन पर बात कर तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके और किसी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js