दीपावली से पहले सड़कों की सूरत बदलने का अल्टीमेटम, 25 दिन में दुरुस्त होंगी 573 सड़कें
आधी रात को सड़कों की हकीकत परखने निकले डीएम, नगर आयुक्त और सीडीओ; नगर निगम की 500 और पीडब्ल्यूडी की 73 सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की बदहाल सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दीपावली से पहले सड़कों को दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने मंगलवार देर रात संयुक्त टीम के साथ शहर का निरीक्षण किया। प्रमुख मार्गों, क्षतिग्रस्त सड़कों और सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
573 सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य, 20-25 दिन की समयसीमा
नगर निगम ने करीब 500 सड़कों पर मरम्मत और आवश्यक लेयरिंग का काम कराने का लक्ष्य रखा है, जबकि लोक निर्माण विभाग ने 73 सड़कों को सुधार के लिए चिह्नित किया है। जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय से अगले 20 से 25 दिनों में सड़क सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, आगामी तीन दिनों में हॉट मिक्स प्लांट शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद चिह्नित मार्गों पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम कराया जाएगा।
फजलगंज में कूड़े का अवैध जमाव, 39 जीवीपी हटाने की तैयारी
निरीक्षण के दौरान जोन-5 के फजलगंज स्थित जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) पर अनधिकृत रूप से कूड़ा एकत्र होने का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जोन में स्थापित 39 जीवीपी को चरणबद्ध तरीके से विस्थापित या मर्ज कर कूड़ा सीधे ट्रांसफर स्टेशन और पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाने को कहा गया।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुधार कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा। दशहरा और दीपावली से पहले सड़कों और सफाई व्यवस्था की स्थिति सुधारने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण और स्थलीय सत्यापन जारी रहेगा। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित विभाग और अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment