कानपुर में 157 घंटे तक चलेगा सफाई अभियान, महापौर और नगर आयुक्त ने खुद संभाली झाड़ू

कानपुर में 157 घंटे तक चलेगा सफाई अभियान, महापौर और नगर आयुक्त ने खुद संभाली झाड़ू

सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, बगिया क्रॉसिंग से मामा तालाब तक 50 सफाई कर्मचारियों ने संभाली कमान; कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण और कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने 157 घंटे के अनवरत विशेष सफाई अभियान का शुक्रवार को शुभारंभ किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू हुए इस विशेष अभियान में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई की कमान संभाली और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया। अभियान के पहले दिन जोन-6 में बगिया क्रॉसिंग से मामा तालाब तक मुख्य मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।करीब 50 सफाई कर्मचारियों की टीम ने सड़क और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। अभियान में एक बॉबकैट, दो टाटा एस, एक जेसीबी और दो कूड़ा डंपर वाहनों को लगाया गया, ताकि कूड़े का उठान और सफाई कार्य तेजी से किया जा सके।

सफाई के साथ कूड़े के निस्तारण पर जोर

महापौर और नगर आयुक्त ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाकर ही शहर को साफ और सुंदर बनाया जा सकता है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ कूड़े का समय पर उठान, समुचित परिवहन और वैज्ञानिक व नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

दोबारा कूड़ा जमा होने से रोकने की तैयारी

नगर आयुक्त ने अभियान के तहत चिन्हित स्थलों पर निर्धारित अवधि तक लगातार सफाई कराने और सफाई के बाद दोबारा कूड़ा जमा न होने देने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। अभियान के जरिए नगर निगम का लक्ष्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js