सेवा संकल्प अभियान में 120 किमी सड़कें चमकीं, 350 मीट्रिक टन कूड़ा उठा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम ने गुरुवार से सेवा संकल्प अभियान शुरू कर दिया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के पहले दिन नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के तहत पहले दिन करीब 120 किलोमीटर सड़कों की सफाई और कूड़ा उठान कराया गया। इस दौरान 350 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया गया। नगर निगम के मुताबिक 25 प्रमुख मार्गों पर सफाई के लिए 425 सफाई कर्मचारियों, 60 सफाई नायकों, 25 स्वच्छता निरीक्षकों और छह जोनल स्वच्छता अधिकारियों की तैनाती की गई। सफाई कार्य में 60 रिक्शा ट्राली, 150 हाथ कूड़ा गाड़ी, 25 टाटा-ऐस और 10 बाबकट लगाए गए।
वहीं डिवाइडरों की सफाई के लिए आठ रोड स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल किया गया। नगर आयुक्त ने लाला लाजपत राय अस्पताल, गोल चौराहा, कोका कोला चौराहा, अफीम कोठी, झकरकटी, टाटमिल, बाकरगंज, किदवई नगर, साकेत नगर, फजलगंज, मरियमपुर चौराहा और स्वरूप नगर समेत कई प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। गोल चौराहे से कोका कोला चौराहा, अफीम कोठी, झकरकटी, टाटमिल से बाकरगंज तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। किदवई नगर में जोन-3 की टीम के साथ निरीक्षण के दौरान मलिन बस्तियों में विशेष सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और जरूरत के अनुसार फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही अभियान में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए लाउडस्पीकर व पंपलेट का इस्तेमाल करने को कहा गया। स्वरूप नगर थाने से सचिन तेंदुलकर चौराहे तक बन रही व्हाइट टॉपिंग सड़क का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान प्रतिदिन करीब 80 से 90 मीटर कार्य हो रहा है। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने** के निर्देश दिए।



Post a Comment