ट्रेन में अनधिकृत पानी का खेल, कानपुर सेंट्रल पर 480 बोतलें जब्त

ट्रेन में अनधिकृत पानी का खेल, कानपुर सेंट्रल पर 480 बोतलें जब्त



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेनों में खान-पान व्यवस्था और अधिकृत सामग्री की बिक्री को लेकर रेलवे ने गुरुवार को सघन और औचक जांच अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के निर्देशन और उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पैंट्रीकार और टीएसवी में कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12488 के टीएसवी में अनुमोदित सूची में शामिल नहीं पेयजल की 480 बोतलें मिलीं। रेलवे टीम ने सभी बोतलों को ट्रेन से उतरवाकर एलपीओ में जमा करा दिया। वहीं गाड़ी संख्या 13051 की पैंट्रीकार में यात्रियों के पाए जाने पर उन्हें वहां से हटाकर अन्य कोचों में स्थानांतरित कराया गया।

अभियान के दौरान तीन अनधिकृत वेंडर भी पकड़े गए। रेलवे ने उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। टीम ने कानपुर सेंट्रल के खान-पान स्टालों की भी जांच की। स्टाल संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने और यात्रियों को बेची जाने वाली खाद्य सामग्री पर अनिवार्य स्टीकर लगाने के निर्देश दिए गए। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js