नगर निगम की नाकामी का तालाब बना भीकम सिंह पार्क, गंदे पानी में लेटकर पार्षद ने पूछा आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार?
भीकम सिंह पार्क की बदहाली पर जताया विरोध, चार-पांच दिन में काम शुरू कराने का मिला आश्वासन
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। जोन-3 के बाबूपुरवा वार्ड-105 स्थित भीकम सिंह पार्क में जलभराव और अव्यवस्थाओं से नाराज पार्षद मो. मेराज ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्क में लंबे समय से जमा गंदे पानी के बीच लेटकर पार्षद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद जोन-3 के जेई मौके पर पहुंचे और पार्षद को समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। पार्षद मो. मेराज ने बताया कि भीकम सिंह पार्क की स्थिति लंबे समय से खराब है। पार्क में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा होकर तालाब का रूप ले चुका है। गंदा पानी जमा होने से पार्क में बना ओपन जिम भी उपयोग के लायक नहीं रह गया है। वार्ड के लोगों के लिए पार्क में टहलना, बैठना और व्यायाम करना तक मुश्किल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई और पत्र भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से नाराज होकर उन्हें मजबूरन गंदे पानी में लेटकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। पार्षद ने कहा कि वह जनता की समस्या को लेकर लगातार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। उनका कहना था कि जब तक मौके पर अधिकारी पहुंचकर ठोस कार्रवाई या स्पष्ट आश्वासन नहीं देते, तब तक वह विरोध जारी रखेंगे। करीब दो घंटे बाद जोन-3 के जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षद से वार्ता कर जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। जेई ने कहा कि चार से पांच दिनों के भीतर पार्क में आवश्यक कार्य शुरू करा दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद पार्षद ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अब क्षेत्रीय लोगों की नजर नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी है।



Post a Comment