प्रधानमंत्री आवास योजना में गंदगी के बीच पेंशनर्स ने किया ध्वजारोहण, वृक्ष वितरण कर स्वच्छता का दिया संदेश

प्रधानमंत्री आवास योजना में गंदगी के बीच पेंशनर्स ने किया ध्वजारोहण, वृक्ष वितरण कर स्वच्छता का दिया संदेश



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, कानपुर नगर के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आवास योजना–भागीरथी-जाह्नवी, नगवां में ध्वजारोहण एवं वृक्ष वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी में व्याप्त गंदगी और सफाई व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के कानूनी सलाहकार राजेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट के संयोजन में आयोजित समारोह में अध्यक्ष बीएल गुलाबिया ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सफेद चंदन का पौधा रोपित कर वृक्ष वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कॉलोनीवासियों को विभिन्न प्रकार के पौधे वितरित करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बीएल गुलाबिया ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए स्वच्छ प्राणवायु का प्रमुख आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने और उनकी नियमित देखभाल किए जाने की आवश्यकता है। एसोसिएशन के मंत्री एवं सेवानिवृत्त वन दरोगा ने औषधीय एवं उपयोगी पौधों के महत्व और उनसे होने वाले लाभों की जानकारी दी।

वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री आवास योजना भागीरथी-जाह्नवी, नगवां की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि विकासखंड विधनू के अंतर्गत आने वाली इस कॉलोनी में करीब 2,208 फ्लैट बने हैं और लगभग 10 हजार लोग यहां निवास कर रहे हैं। आरोप है कि कॉलोनी में जगह-जगह कूड़ा-करकट फैला हुआ है और लंबे समय से नियमित सफाई व्यवस्था का अभाव बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी की नियमित तैनाती नहीं होने के कारण बड़ी आबादी गंदगी के बीच रहने को मजबूर है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी कानपुर नगर से प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कराने, सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही कॉलोनी में नियमित सफाई कर्मचारी तैनात किए जाने की मांग भी उठाई गई। समारोह में बीएल गुलाबिया, अशोक कुमार मिश्रा, बेचे लाल कुशवाहा, सरदार इंद्रजीत सिंह गिल, सुनील सुमन, ताराचंद, आरपी श्रीवास्तव एडवोकेट, फूलचंद, विनय पाल, राजकुमार साहू, श्याम मिलन अग्निहोत्री, विशाल शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। ध्वजारोहण और पौधरोपण के बीच उठी सफाई की आवाज, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जहां पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संदेश दिया गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में व्याप्त गंदगी को लेकर जिम्मेदार विभागों से तत्काल प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई गई।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js