साबरमती एक्सप्रेस में यात्रियों से बदसलूकी और वसूली का खेल बेनकाब, RPF ने 7 पुरुष किन्नरों को दबोचा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने, अभद्रता करने और सफर में व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सख्त कार्रवाई करते हुए साबरमती एक्सप्रेस से सात किन्नरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये सभी ट्रेन के स्लीपर कोच में यात्रियों के साथ न्यूसेंस कर रहे थे, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
RPF जीएमसी कानपुर के निरीक्षक एस.के. वर्मा अपनी टीम के साथ 21 जुलाई 2026 की रात गाड़ी संख्या 19167 साबरमती एक्सप्रेस की एस्कॉर्ट ड्यूटी पर थे। रात करीब 11:25 बजे पुखरायां और भीमसेन स्टेशन के बीच ट्रेन के कोच संख्या S-4 में सात किन्नर यात्रियों से जबरन पैसे मांगते, अभद्र व्यवहार करते और हंगामा करते मिले। शिकायत मिलने पर RPF टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को RPF पोस्ट जीएमसी कानपुर लाया गया, जहां उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 145 एवं 137 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 343/2026 से 349/2026 तक पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा जबरन वसूली, अभद्रता, उत्पीड़न या सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।
RPF ने यात्रियों से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति जबरन पैसे मांगकर परेशान करे, अभद्रता करे या किसी प्रकार का उत्पात मचाए तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम RPF कर्मी को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


Post a Comment