बागी नहीं, मेरे बच्चे हैं.. मेयर के बयान के बीच बैठक छोड़कर उठे पार्षद, भाजपा की बैठक में अंदरूनी सियासत की गूंज

बागी नहीं, मेरे बच्चे हैं.. मेयर के बयान के बीच बैठक छोड़कर उठे पार्षद, भाजपा की बैठक में अंदरूनी सियासत की गूंज

हर घर तिरंगा अभियान की रणनीति पर मंथन के बीच दिखी नाराजगी, क्षेत्रीय अध्यक्ष ने हर मंडल से दो हजार लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने का दिया लक्ष्य


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बुधवार देर शाम हुई पार्षद दल की बैठक में जहां संगठन ने राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई, वहीं बैठक के बीच घटे एक घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को हवा दे दी। महापौर प्रमिला पांडेय जब कुछ पार्षदों को लेकर चल रही बागी की चर्चाओं पर सफाई दे रही थीं, तभी पार्षद विकास जायसवाल, पवन गुप्ता और उनके साथ बैठे दो अन्य पार्षद बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। उनके अचानक उठकर जाने से बैठक का माहौल कुछ देर के लिए असहज हो गया। शाम 7:30 बजे शुरू हुई बैठक रात 9:30 बजे तक चली। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक घर प्रतिष्ठान और वार्ड पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया जाए तथा प्रत्येक मंडल से निकलने वाली तिरंगा यात्रा में कम से कम दो हजार कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

राम किशोर साहू ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में राष्ट्रभाव जगाना सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज को बांटने की कोशिशों का जवाब राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति से दिया जाना चाहिए। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास कलश यात्रा को भी प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय ने हाल के दिनों में कुछ पार्षदों को लेकर उठ रहे राजनीतिक सवालों पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, कुछ लोग कुछ पार्षदों को बागी कहते हैं, लेकिन वे बागी नहीं हैं। वे भी हमारे बच्चे हैं। मेयर और पार्षदी एक दिन चली जाएगी, लेकिन हम सब साथ रहेंगे। महापौर के इस भावनात्मक बयान के तुरंत बाद चार पार्षदों का बैठक से उठकर चले जाना कई सवाल छोड़ गया। हालांकि इस पर किसी नेता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। महापौर ने कहा कि नगर निगम हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर सहयोग करेगा। बैठक की अध्यक्षता भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की, जबकि संचालन भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने किया। बैठक के समापन पर सभी पार्षदों को तिरंगा वितरित किया गया। इस अवसर पर भाजपा पार्षद दल के सभापति नवीन पंडित सहित बड़ी संख्या में पार्षद और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js