7 साल की लव मैरिज का खौफनाक अंत, प्रिंसिपल पत्नी ने प्रेमी संग रची मौत की साजिश, करैत से डसवाकर कराई पति की हत्या
वैन ड्राइवर से इश्क कई बार नाकाम रही हत्या की कोशिशों के बाद रची ऐसी साजिश कि पुलिस भी रह गई दंग; चार आरोपी गिरफ्तार
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश मेरठ । जिले के ऐतिहासिक हस्तिनापुर से रिश्तों के भरोसे को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। जिस महिला ने सात साल पहले परिवार के विरोध के बावजूद प्रेम विवाह किया, उसी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसने पुलिस जांच में एक-एक कर कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोप है कि स्कूल की प्रिंसिपल पत्नी ने पहले पति को नींद की गोलियां खिलाईं और फिर जहरीले करैत सांप से डसवाकर उसकी हत्या करा दी। इस वारदात में प्रेमी और दो सपेरे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
मेरठ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले अतुल कुमार (32) निजी कृष्णा किड्स प्ले स्कूल का संचालन करते थे। उनकी पत्नी दामिनी (30) उसी स्कूल की प्रिंसिपल थी। दोनों ने करीब सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने शादी की, लेकिन समय के साथ रिश्तों में दरार बढ़ती चली गई। दंपती का छह वर्षीय बेटा भी है।
अतुल ने नौकरी छोड़कर अपना प्ले स्कूल शुरू किया था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन वर्ष 2024 में स्कूल में वैन चालक के रूप में तुषार पायला की नियुक्ति के बाद कहानी ने खतरनाक मोड़ ले लिया।
वैन ड्राइवर से प्रेम, पति बना सबसे बड़ी बाधा
पुलिस जांच के मुताबिक, शादीशुदा वैन चालक तुषार और दामिनी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों प्रेम संबंध में आ गए। दोनों साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन बीच में अतुल सबसे बड़ी रुकावट था। इसके बाद पति को रास्ते से हटाने की साजिश तैयार की गई।
एक साल तक मौत का खेल चलता रहा
जांच में सामने आया कि अतुल को मारने की कोशिश एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार की गई। कभी कार से टक्कर मारने का प्रयास हुआ तो कभी खाने में नशीली गोलियां मिलाई गईं। कई बार तबीयत बिगड़ने पर अतुल अस्पताल तक पहुंचा। उसे पत्नी की गतिविधियों पर संदेह होने लगा था और उसने इसकी शिकायत दामिनी की मां से भी की थी, लेकिन हालात नहीं बदले।
16 जुलाई की रात बना 'मौत का जाल
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात दामिनी ने पति के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। जब अतुल गहरी नींद में सो गया तो उसने प्रेमी तुषार को फोन किया। आरोप है कि तुषार दो सपेरों सोनू और उदय को जहरीले करैत सांप के साथ लेकर पहुंचा। सांप को कमरे में छोड़ा गया और अतुल को डस लिया। वारदात के बाद दामिनी बेटे को लेकर दूसरे कमरे में चली गई, ताकि खुद को संदेह से दूर रख सके।
अगली सुबह उसने रोते-बिलखते शोर मचाया और दावा किया कि पति की मौत सांप के काटने से हुई है।
मोबाइल कॉल डिटेल ने पलट दिया पूरा मामला
शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश का लग रहा था, लेकिन पुलिस को दामिनी के बयान में विरोधाभास नजर आया। जब मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई तो घटना से पहले और बाद में प्रेमी तुषार से लगातार संपर्क का खुलासा हुआ। इसके बाद पूछताछ में पूरी साजिश सामने आ गई।
प्रेमी ने उगला सच, चारों आरोपी सलाखों के पीछे
मेरठ पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तुषार ने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली। इसके बाद दामिनी, तुषार और दोनों सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि हत्या का खुलासा वैज्ञानिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर हुआ है। मामले में मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है।
रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात
जिस प्रेम कहानी की शुरुआत परिवार के विरोध के बीच हुई थी, उसका अंत एक भयावह हत्याकांड में हुआ। एक समय साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाला रिश्ता आखिरकार कथित प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और सुनियोजित साजिश की भेंट चढ़ गया।



Post a Comment