जर्जर सड़कों पर एक्शन मोड में नगर निगम, हाई लेवल कमेटी गठित; रोड कटिंग करने वाले विभागों को सख्त निर्देश

जर्जर सड़कों पर एक्शन मोड में नगर निगम, हाई लेवल कमेटी गठित; रोड कटिंग करने वाले विभागों को सख्त निर्देश 



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर।बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गड्ढों से जूझ रहे शहरवासियों को राहत देने के लिए कानपुर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की जर्जर सड़कों के सर्वेक्षण, मरम्मत और पुनर्स्थापन के लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में नगर आयुक्त, कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), उत्तर प्रदेश जल निगम, मेट्रो परियोजना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

गुरुवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित पहली बैठक में शहर की खराब सड़कों, विभिन्न विभागों द्वारा कराई गई रोड कटिंग और उनके पुनर्स्थापन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सड़क कटिंग से जुड़े सभी कार्यों का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में तत्काल नगर निगम को उपलब्ध कराएं।

रोड कटिंग वाले स्थान तुरंत बनेंगे मोटरेबल

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों को सड़क कटिंग की अनुमति दी गई थी, वे सभी कटिंग स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें मोटरेबल (आवागमन योग्य) बनाना सुनिश्चित करें। उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थायी मरम्मत के लिए बनेगी कार्ययोजना

बैठक में उन सभी मार्गों की अलग-अलग सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जहां अस्थायी पैचवर्क या स्थायी (पक्का) पैच रिपेयर कराया जाना आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर प्राथमिकता के आधार पर सड़क मरम्मत के कार्य शुरू कराए जाएं, ताकि शहर की सड़क व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।

नगर निगम के अनुसार समिति शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का व्यापक सर्वेक्षण कर समग्र कार्ययोजना तैयार करेगी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सड़क सुधार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों ने निर्धारित निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js