जाजमऊ की धंसी सड़क पर सियासत गरम, 18 फीट गहरे गड्ढे में उतरे सपा विधायक; बारिश के बीच दिया धरना

जाजमऊ की धंसी सड़क पर सियासत गरम, 18 फीट गहरे गड्ढे में उतरे सपा विधायक; बारिश के बीच दिया धरना



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। जाजमऊ में सड़क धंसने से बने 18 फीट गहरे गड्ढे ने गुरुवार को सड़क की बदहाली के साथ जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए। कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक हसन रूमी दोपहर करीब 12:45 बजे मौके पर पहुंचे और सीढ़ी के सहारे खुद गड्ढे में उतरकर हालात का जायजा लिया। विधायक के गड्ढे में उतरते ही सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। विधायक के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारी भी वहां पहुंच गए। निरीक्षण के बाद विधायक सड़क के गड्ढे में ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई, लेकिन विधायक धरने से नहीं उठे। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और उसकी देखरेख को लेकर जिम्मेदार विभागों पर तीखे सवाल खड़े किए। विधायक हसन रूमी ने कहा कि सड़क का इस तरह धंस जाना गंभीर लापरवाही का संकेत है। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क निर्माण और रखरखाव के लिए जिम्मेदार विभागों की निगरानी आखिर कहां थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गड्ढे का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मूसलाधार बारिश के बाद धंसी वीआईपी रोड

मंगलवार और बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जाजमऊ से सर्किट हाउस जाने वाली वीआईपी रोड पर करीब पांच मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। सड़क के बीचोंबीच बने इस गड्ढे ने राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया। हादसे की आशंका को देखते हुए सड़क की एक लेन बंद कर दी गई है। फिलहाल दूसरी लेन से ही दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही हो रही है। इससे मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है और जाम की स्थिति भी बन रही है। बारिश के बाद सड़क धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता, सड़क के नीचे की संरचना और जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन महज गड्ढा भरने तक कार्रवाई सीमित रखता है या इसकी जड़ तक पहुंचकर जिम्मेदारी भी तय करता है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js