नगर निगम में आग: हादसा, लापरवाही या सबूत मिटाने की साजिश?

नगर निगम में आग, हादसा, लापरवाही या सबूत मिटाने की साजिश?

लेखा, राजस्व और लाइट विभाग में भड़की आग, महत्वपूर्ण फाइलें जलने की आशंका; जांच से पहले ही उठने लगे बड़े सवाल


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार शाम लगी आग ने महज एक अग्निकांड से कहीं बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। दूसरी मंजिल पर स्थित लेखा, राजस्व और लाइट विभाग में अचानक आग लगने से पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग बुझने के साथ ही सवालों की चिंगारियां भड़क उठीं।

सूत्रों के मुताबिक आग में दो अलमारियों में रखी सैकड़ों फाइलें जल गईं। इनमें कौन-कौन से दस्तावेज थे, इसका आधिकारिक खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। यही कारण है कि नगर निगम के गलियारों से लेकर राजनीतिक हलकों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आग उसी विभाग में क्यों लगी जहां वित्तीय रिकॉर्ड, राजस्व दस्तावेज और विभागीय फाइलें रखी जाती हैं? क्या यह महज शॉर्ट सर्किट का मामला है या फिर किसी संवेदनशील रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचाने की कोशिश? जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन परिस्थितियां कई सवाल जरूर खड़े कर रही है।


हाल ही में नगर निगम के विभिन्न कार्यों, भुगतान प्रक्रियाओं और ऑडिट संबंधी मामलों को लेकर चर्चाएं तेज थीं। ऐसे में आग में जली फाइलों की सूची सार्वजनिक होना बेहद जरूरी माना जा रहा है। यदि कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हुआ है तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

बागी पार्षद विकास जायसवाल ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि आग में नष्ट हुई फाइलों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जांच या कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही थी, उनसे जुड़ी फाइलों की विशेष जांच होनी चाहिए।

अब निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं। शहर जानना चाहता है कि यह सिर्फ एक तकनीकी हादसा था, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की घोर लापरवाही थी, या फिर इसके पीछे कोई ऐसा सच छिपा है जिसे धुएं में उड़ाने की कोशिश की गई। जांच रिपोर्ट ही इस रहस्य से पर्दा उठाएगी।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js