216वीं जगन्नाथ रथयात्रा को भव्य बनाने की तैयारी, महापौर-नगर आयुक्त ने पैदल नापा पूरा रूट

216वीं जगन्नाथ रथयात्रा को भव्य बनाने की तैयारी, महापौर-नगर आयुक्त ने पैदल नापा पूरा रूट

17 जुलाई से पहले सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 20 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की ऐतिहासिक 216वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों के साथ रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त, स्ट्रीट लाइटें खराब या सफाई व्यवस्था में कमी मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण की शुरुआत भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने जनरलगंज से लेकर पूरे रथयात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 17 जुलाई से पहले प्रत्येक कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। महापौर ने दो टूक कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई भी की जाएगी। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर सड़कों का पैचवर्क, विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। केस्को द्वारा किए जा रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्य को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान रथयात्रा मार्ग पर सड़क पैचवर्क कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया गया। पार्षद आदर्श गुप्ता और अमित गुप्ता ने बताया कि लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सड़कों का पैचवर्क कराया जाएगा। इसके अलावा करीब 60 से 70 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें तथा 25 नए विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। रथयात्रा महोत्सव के कार्यक्रमों के अनुसार 16 जुलाई को प्रातः वार्षिकोत्सव एवं राज दर्शन तथा सायंकाल महाभिषेक एवं विशेष चंदन श्रृंगार होगा। 17 जुलाई को शाम छह बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा जनरलगंज स्थित बाइजी मंदिर से प्रारंभ होकर काहूकोठी, नयागंज चौराहा, मारवाड़ी कॉलेज, नागेश्वर मंदिर, मनीराम बगिया, लाठी मोहाल होते हुए जगन्नाथ जी की गली में संपन्न होगी। 26 जुलाई को विदाई परिक्रमा के साथ महोत्सव का समापन होगा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि रथयात्रा से पूर्व मार्ग की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएंगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष की रथयात्रा स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के नए मानक स्थापित करे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js