ट्रेन से बिहार ले जा रहे दो लाख की अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ट्रेन से बिहार ले जा रहे दो लाख की अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार 

संयुक्त चेकिंग अभियान में मिली सफलता, विभिन्न ब्रांडों की सैकड़ों बोतलें बरामद; आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे स्टेशन और रेल परिसरों में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार तस्कर शराब की खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे।

रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामानों की गहन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनके बैग और ट्रॉली की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब की खेप को जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को अवैध रूप से बिहार ले जाने की योजना बना रहे थे। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख आंकी गई है। 

आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसरों को अपराध, नशे के कारोबार तथा अवैध तस्करी से मुक्त रखने के उद्देश्य से आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नियमित रूप से स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सघन चेकिंग की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के खिलाफ इसी तरह की संयुक्त कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगी।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js