भूजल बचाने को जलकल विभाग का बड़ा अभियान, वर्षा जल संचयन से लेकर जल गुणवत्ता जांच तक चला विशेष अभियान

भूजल बचाने को जलकल विभाग का बड़ा अभियान, वर्षा जल संचयन से लेकर जल गुणवत्ता जांच तक चला विशेष अभियान

भूजल सप्ताह के दौरान जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण और वृक्षारोपण पर रहा विशेष फोकस

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। जल संकट की बढ़ती चुनौती से निपटने और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम के जलकल विभाग ने 16 से 22 जुलाई 2026 तक मनाए गए भूजल सप्ताह के दौरान शहरभर में व्यापक जन-जागरूकता एवं संरक्षण अभियान चलाया। सप्ताहभर आयोजित कार्यक्रमों में वर्षा जल संचयन, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण, भूजल संरक्षण और वृक्षारोपण को विशेष प्राथमिकता दी गई।

अभियान की शुरुआत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भूजल संरक्षण और जल बचत की शपथ दिलाकर की गई। इसके बाद सरकारी भवनों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और रिचार्ज पिटों का निरीक्षण कर उनकी साफ-सफाई एवं कार्यक्षमता का आकलन किया गया, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित किया जा सके।

जलकल विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पेयजल के नमूने लेकर गुणवत्ता की विशेष जांच, अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण तथा प्रयोगशाला निरीक्षण भी किया। साथ ही ट्यूबवेलों, ओवरहेड टैंकों एवं जलाशयों का निरीक्षण कर पेयजल पाइपलाइनों में पाए गए लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराया गया, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

भूजल संरक्षण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भूजल सप्ताह के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। उन्होंने कहा कि यदि जल संरक्षण और वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का रूप दिया जाए, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित जल संसाधन सुनिश्चित किए जा सकते हैं।


0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js