बेटी ने स्कूल जाने से किया इनकार, प्रधानाचार्य अश्लील हरकत करते हैं, गिरफ्तार

बेटी ने स्कूल जाने से किया इनकार, प्रधानाचार्य अश्लील हरकत करते हैं, गिरफ्तार

मासूम की शिकायत के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा, हंगामे के बीच आरोपी गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के एक प्री-स्कूल में बच्चियों के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक मासूम बच्ची के अचानक स्कूल जाने से इनकार करने पर जब परिजनों ने कारण पूछा तो उसने प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। बच्ची का कहना था कि स्कूल का प्रधानाचार्य उसके साथ अश्लील हरकत करता है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी दो सहेलियां भी इसी तरह की हरकतों का शिकार हुई हैं।

बच्ची की बात सुनकर परिजनों ने अन्य छात्राओं और उनके अभिभावकों से जानकारी ली। आरोपों की पुष्टि होने का दावा करते हुए बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

घटना पनकी थाना क्षेत्र के शिवराज नगर, गंगागंज कॉलोनी स्थित एक प्री-स्कूल की बताई जा रही है। आरोप है कि स्कूल का प्रधानाचार्य ब्रजेश पाल छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के दौरान आरोपी प्रधानाचार्य अपने कुछ समर्थकों के साथ पुलिस चौकी पहुंचा और मामले में समझौते का प्रयास किया। आरोप है कि उसने अपना प्रभाव दिखाने की भी कोशिश की, लेकिन अभिभावकों के तीव्र विरोध के चलते पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पनकी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ब्रजेश पाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पीड़ित बच्चियों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में आक्रोश है और वे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निगरानी की मांग कर रहे हैं।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js