हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसा, मेट्रो या बिल्डर? जांच के घेरे में दोनों, विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसा, मेट्रो या बिल्डर? जांच के घेरे में दोनों, विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

गोविंदनगर के नवीन नगर में मची अफरा-तफरी, विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, केडीए से मांगी शाम तक तकनीकी रिपोर्ट

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित नवीन नगर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट का बेसमेंट अचानक धंस गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे, हालात का निरीक्षण किया और साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। शुरुआती जांच में मेट्रो प्रशासन और बिल्डर की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जबकि अब सबकी नजर केडीए की तकनीकी जांच रिपोर्ट पर टिकी है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई। मौके पर पहुंचे विधायक सुरेंद्र मैथानी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने मेट्रो परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद मीना से फोन पर वार्ता की। मेट्रो प्रशासन की ओर से दावा किया गया कि परियोजना का निर्माण सभी निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अपार्टमेंट के बेसमेंट की खुदाई निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक की गई थी। साथ ही बेसमेंट में पानी भरने से मिट्टी का कटाव हुआ और जमीन बैठने के कारण यह हादसा हुआ।

हालांकि, मेट्रो प्रशासन ने भी माना कि वास्तविक स्थिति तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष को तत्काल विशेषज्ञ तकनीकी टीम मौके पर भेजने और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर शाम तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही को छिपाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधायक ने दो टूक कहा कि यदि जांच में बिल्डर की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं यदि मेट्रो परियोजना की निर्माण प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी चूक या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा, जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा। घटना के समय पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि, केडीए के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल पूरे मामले में केडीए की तकनीकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बेसमेंट धंसने के पीछे निर्माण में लापरवाही जिम्मेदार थी या फिर मेट्रो परियोजना से जुड़ा कोई तकनीकी कारण।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js