रेलवे पुलिस ने 28 लाख की गांजा की खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
हावड़ा-मुंबई रेल रूट पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को झटका, 26 किलो से अधिक गांजा बरामद
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए संचालित हो रहे अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने बड़ी चोट करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 26 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 28 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। बरामदगी के बाद रेलवे पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हीरागंज पुल के निकट चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने दो युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैगों से 26 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शनि साकेत (21 वर्ष) और सोनू कुमार प्रजापति (19 वर्ष) निवासी जिला रीवा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर आए थे और ट्रेन के माध्यम से आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इनके पीछे कौन-सा तस्करी गिरोह सक्रिय है और मादक पदार्थ की खेप किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार कानपुर सेंट्रल जैसे व्यस्त रेलवे स्टेशन को तस्कर ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार निगरानी और सघन चेकिंग के चलते ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, सीआईबी प्रभारी अमित कुमार चौधरी सहित जीआरपी और आरपीएफ के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और रेल मार्गों का उपयोग कर नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment