रथयात्रा मार्ग की बदहाल तैयारी पर भड़के विधायक अमिताभ बाजपेई, अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा से ठीक एक दिन पहले यात्रा मार्ग की तैयारियों की पोल उस समय खुल गई, जब आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने जनरलगंज से निकलने वाले प्रस्तावित रथयात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें, लटकते बिजली के तार, गंदगी के ढेर और अवैध पोस्टरों की भरमार देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद नगर निगम व केस्को अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 24 घंटे के भीतर सभी खामियां दूर की जाएं, अन्यथा संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि रथयात्रा जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के आयोजन में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रथयात्रा से पूर्व कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मार्ग का निरीक्षण कर चुके हैं, इसके बावजूद तैयारियां अधूरी मिलना गंभीर चिंता का विषय है। यह केवल प्रशासनिक उदासीनता का मामला नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की प्रतिष्ठा से जुड़ा मुद्दा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने नगर निगम और केस्को अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग के सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, अधूरा पैचवर्क पूरा किया जाए, लटकते और जर्जर बिजली तारों को सुरक्षित किया जाए तथा विशेष सफाई अभियान चलाकर मार्ग को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जाए। साथ ही दीवारों, खंभों और चौराहों पर लगे अवैध पोस्टरों को हटाने के भी निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि रथयात्रा प्रारंभ होने से पहले पूरे मार्ग को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर उनकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता तथा केस्को के अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ज्ञानू बिश्नोई, सौरभ गुप्ता, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, नारायण दीक्षित, विनोद पांडे, हर्ष नागवंशी, नरेश द्विवेदी, तनिष्क गुप्ता, संस्कार खरे, निखिल गुप्ता, पुण्य जैन, विक्की जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
रथयात्रा से पहले व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, अब 24 घंटे में सुधार की चुनौती प्रशासन के सामने।


Post a Comment