नगर आयुक्त का जोन-1 में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जलकल के अधिशाषी अभियंता का वेतन रोका

नगर आयुक्त का जोन-1 में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जलकल के अधिशाषी अभियंता का वेतन रोका

घंटाघर, रेलवे स्टेशन, चाचा नेहरू अस्पताल और शेल्टर होम क्षेत्र का निरीक्षण; सफाई, जलनिकासी और अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को जोन-1 क्षेत्र के घंटाघर, रेलवे स्टेशन, सामुदायिक शौचालय, शेल्टर होम तथा चाचा नेहरू अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और लापरवाही बरतने पर जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने घंटाघर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संभावित जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो परियोजना के तहत पाइपलाइन को नाले से जोड़ दिया गया है, जिससे जलनिकासी बेहतर होगी। इसके बावजूद नगर आयुक्त ने रेलवे यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वर्षा के दौरान जलभराव न होने देने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। घंटाघर से टाटमिल मार्ग स्थित सामुदायिक शौचालय की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित शेल्टर होम के आसपास बड़ी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट और गंदगी मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने और बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। 

रेलवे गोदाम के पास भी मलबा और कूड़ा मिलने पर तत्काल उठान और नियमित निगरानी के आदेश दिए गए। रेलवे गोदाम के निकट पीपीपी मॉडल पर बन रहे शौचालय के संबंध में जानकारी न दे पाने पर नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता और संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताई तथा परियोजना से जुड़ी पूरी जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोपरगंज स्थित चाचा नेहरू अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी, झाड़ के ढेर और निष्प्रयोज्य वाहन खड़े मिले। इस पर नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारी को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, अनुपयोगी वाहन हटाने तथा कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ नियमित चालान और जुर्माना कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सबसे गंभीर स्थिति अस्पताल परिसर से रेलवे गोदाम तक जाने वाले सीवर नाले में मिली, जहां नाला पूरी तरह भरा हुआ पाया गया। सफाई कार्य जारी होने के बावजूद अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता राजकुमार का जुलाई माह का वेतन रोकने के निर्देश महाप्रबंधक जलकल को दिए। साथ ही दो दिन के भीतर सुपर सकर मशीन लगाकर पूरे नाले की सफाई कराने का आदेश दिया। नगर आयुक्त ने घंटाघर चौराहे के आसपास नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने, अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करने तथा यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों को प्रत्येक जोन में प्रतिदिन व्यापक निरीक्षण करने, घरों के बाहर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कम से कम 50 चालान करने तथा सप्ताह में एक बार जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js