दिल्ली अग्निकांड के बाद कानपुर में कार्रवाई, केडीए ने पांच बेसमेंट किए सील
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) अवैध बेसमेंटों और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में जुट गया है। गुरुवार को कर्नलगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर केडीए ने पांच बेसमेंट सील कर दिए। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 प्रभारी अतुल राय के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ कई अपार्टमेंट, होटल, कोचिंग सेंटर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान कई भवनों के बेसमेंट में नियमों के विपरीत जिम, गोदाम, रेडीमेड कपड़ों के कारखाने, सिलाई-कटाई केंद्र और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व में नोटिस जारी होने के बावजूद भवन स्वामियों ने नियमों का पालन नहीं किया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पांच बेसमेंट सील कर दिए गए। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहरभर में अवैध रूप से संचालित बेसमेंट, जिम, कोचिंग सेंटर, होटल और गोदामों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



Post a Comment