रेलवे स्टेशन बना तस्करों का ट्रांजिट प्वाइंट, आरपीएफ-जीआरपी ने 80 लाख का गांजा पकड़ा
भुवनेश्वर से अलीगढ़ ले जाई जा रही थी खेप, छह बैगों में छिपाकर ला रहे थे 74 किलो गांजा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए आरपीएफ और जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई कर दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 74 किलो 230 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन के कैंट साइड गेट नंबर-2 के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सार्वजनिक शौचालय के पीछे संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी। पूछताछ के दौरान दोनों घबराने लगे, जिस पर टीम ने उनके पास रखे तीन ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैगों की तलाशी ली। तलाशी में बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद होते ही दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार निवासी मथुरा और सुभाष निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 21 से 22 वर्ष बताई गई है। जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भुवनेश्वर से कम कीमत पर गांजा खरीदकर रेल मार्ग के जरिए अलीगढ़ ले जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों में बेचने की तैयारी थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर लंबे समय से रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और यात्रा संबंधी रिकॉर्ड खंगाल रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के मुताबिक रेलवे मार्ग को तस्कर सबसे सुरक्षित माध्यम मानकर इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के बीच समन्वय बढ़ाया गया है। रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और संदिग्ध यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में कानपुर सेंट्रल समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा।


Post a Comment