केडीए में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे, एमएलसी अरुण पाठक और भाजपा जिलाध्यक्ष ने उठाया लंबित नामांतरण व पार्कों के विकास का मामला
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक एवं भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष से मुलाकात कर विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नेताओं ने विशेष रूप से लंबित नामांतरण प्रकरणों, रुकी हुई रजिस्ट्रियों तथा अविकसित पार्कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि केडीए में बड़ी संख्या में नामांतरण एवं रजिस्ट्री से जुड़े प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने इन मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को राहत देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में केडीए के अधीन आने वाले पार्कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि वर्षों से कई पार्क विकास और रखरखाव के अभाव में उपेक्षा का शिकार हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, बच्चों और बुजुर्गों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।इस पर केडीए उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित नामांतरण प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए एक माह का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि निर्धारित अवधि के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।


Post a Comment