नालों की सफाई में लापरवाही पड़ी भारी, निरीक्षण में खुली पोल; अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। नालों की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावों की जमीनी हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय स्वयं सड़कों पर उतरे। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गलीपिट, डॉट नालों और रफाका नाले का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जहां कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की, वहीं फजलगंज क्षेत्र में नाला सफाई कार्य में लापरवाही, सिल्ट उठान में ढिलाई और विभागीय समन्वय की कमी पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मोतीझील, अमर जवान चौराहा, फजलगंज, विजय नगर और चावला मार्केट समेत कई संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। गलीपिटों की तलीझार सफाई, जल निकासी की क्षमता की जांच तथा संवेदनशील स्थलों पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फजलगंज क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नाले पर अतिक्रमण, जगह-जगह पड़ी सिल्ट, सीएंडडी वेस्ट तथा रुकी हुई जल निकासी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। प्रथम दृष्टया स्वास्थ्य एवं अभियंत्रण विभाग के बीच समन्वय की कमी पाए जाने पर जोनल अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी-5 के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। साथ ही पूरे मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर सफाई, सिल्ट उठान और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। उधर, लक्ष्मीपुरवा-खलवा क्षेत्र में धंसे डॉट नाले का निरीक्षण भी किया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शक्कर मिल खलवा क्षेत्र में भूमिगत नाला क्षतिग्रस्त होने से आसपास के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित भवनों में रहने वाले परिवारों को तत्काल मकान खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम ने इन परिवारों के अस्थायी ठहराव के लिए रैन बसेरों में व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने, सुरक्षा घेरा बनाकर क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा प्रभावित भवनों को प्राथमिकता के आधार पर खाली कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय की जाएगी।




Post a Comment